पिलर खड़े कर रहे मिस्त्री की करंट लगने से मौत
कोतवाली क्षेत्र के शैलेष फार्म कालोनी में सोमवार शाम निर्माणाधीन मकान में लोहे का पिलर खड़ा कर रहे मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। करंट की चपेट में आकर तीन मजदूर घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। लोहे के पिलर में करंट नजदीक में गुजर रही एलटी लाइन से लगने के बाद आया था। घटना के बाद ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और घायलों का इलाज करने में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर लोगों को समझाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव शाहपुर फगौता निवासी 32 वर्षीय मनोज पुत्र मदनपाल राज मिस्त्री था। वह अपने साथियों के साथ कई दिन से शैलेष फार्म कालोनी में ग्राम प्रधान शाहपुर फगौता गजेंद्र सिंह के मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। सोमवार शाम वह मकान में लोहे का पिलर खड़ा कर रहे थे। अचानक पिलर नजदीक से गुजर रही एलटी लाइन से लग गया। लाइन से लगते ही पिलर में करंट आ गया। करंट से मनोज, बिजेंद्र, बिट्टू और मोहित घायल हो गए। आसपास के लोग तुरंत घायलों को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया और अन्य तीनों घायलों का उपचार शुरू किया। इस दौरान परिजनों के साथ ग्रामीणों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि वह मनोज को यहां से रेफर कराना चाहते थे, लेकिन चिकित्सकों ने नहीं किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। तब जाकर उनका गुस्सा शांत हो सका। मृतक मनोज दो बच्चों का पिता है। पत्नी गुड़िया व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल यादव ने बताया कि करंट लगने से मिस्त्री की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, अस्पताल के जीएम ने परिजनों द्वारा लगाये आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इलाज में लापरवाही नहीं बरती गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने स्टॉफ के साथ अभद्रता की है।