एलएमसी की जमीन को लेकर विवाद, लाठी-डंडे चले
मसूरी। एनटीपीसी रोड स्थित पंचायत घर के पास सड़क किनारे एलएमसी की सरकारी जमीन पर कब्जा करने को लेकर रविवार को दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग घायल हो गए। वहीं, एक पक्ष के दो भाइयों की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
एनटीपीसी रोड स्थित पंचायत घर के पास एलएमसी की खाली जमीन पर कुछ लोग खोखा रखने के लिए मिट्टी डालकर उसे समतल कर रहे थे। रविवार दोपहर दो बजे प्रधान पति शकील अहमद को पता चला कि कुछ लोग एलएमसी की जमीन को घेर रहे हैं तो वह लोगों को मना करने के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान प्रधान पति व इनके साथियों के साथ एलएमसी जमीन पर कब्जा कर रहे लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी। इसमें दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग घायल हो गए। पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची। घायलों मे प्रधान पक्ष के प्रधान पति शकील अहमद, आसिफ अली और नाजिम हैं। दूसरे पक्ष के जहरुद्दीन, फखरूद्दीन और कामिल हैं। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए संजय नगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल हुए जहरुद्दीन और फखरूद्दीन को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। एसएचओ मसूरी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर आ गई है, जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।