डिग्री कालेजों के बाहर भगवान भरोसे छात्राओं की सुरक्षा
गाजियाबाद। नंदग्राम स्थित माननीय कांशीराम राजकीय डिग्री कालेज में महिला प्रत्याशी के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट के मामले ने डिग्री कालेजों के बाहर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। सरेआम छात्रा से मारपीट और कपड़े फाड़े जाने की घटना ने पुलिस के सुरक्षा इंतजामों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के वक्त न तो मौके पर कोई पीसीआर तैनात थी, दूसरी ओर फोन करने पर पुलिस घटना घटने के काफी देर बाद पहुंची।
वहीं, कांशीराम डिग्री कालेज के बाहर 10 से 15 मिनट तक चले पूरे घटनाक्रम में कोई भी स्थानीय लोग छात्रा के बचाव में आया। दूसरी ओर छात्रसंघ चुनावों में प्रत्याशियों को धमकाने और मारपीट का यह पहला मामला है। जहां आरोपियों ने महिला प्रत्याशी को चुनाव में खड़े नहीं होने के लिए पहले धमकाया, और फिर उसके साथ जमकर अभद्रता की। घटना ने कालेजों के बाहर सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा करने पर मजबूर कर दिया है। कालेज के बाहर छात्रा के साथ ही मारपीट की अर्से बाद घटना घटी है।
इससे पुलिस की लचर सुरक्षा प्रणाली की बानगी देखने को मिली। सभी प्रमुख डिग्री कालेजों की ओर से पुलिस-प्रशासन को पत्र लिखकर कालेज परिसर के बाहर पीसीआर तैनात करने की मांग की गई थी। कुछ दिनों तक पुलिस की मुस्तैदी के बाद हालात पहले जैसे जस के तस दिखे। आए दिन शौहदों की ओर से छेड़छाड़ व बदसलूकी की घटनाएं सामने आती रहतीं हैं। लेकिन ऐसी घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम नजर आती है।