उधार की रकम चुकाने को ज्वेलर से की थी लूट, गिरफ्तार
गाजियाबाद। घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली गेट स्थित ज्वेलर से 9 सितंबर की रात हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। यह वारदात कैला भट्ठा के दो लुटेरों ने उधार की रकम चुकाने के लिए एक सुनार के इशारे पर की थी। पुलिस ने एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लूटा गया करीब 50 ग्राम सोना, 1.4 किलोग्राम चांदी और 80 हजार की नकदी बरामद की है।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा नब्बू उर्फ नवाबुद्दीन निवासी कैला भट्ठा है। उसका एक साथी तस्लीम उसी दिन मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन लूट का सामान नब्बू और उसका दूसरा साथी चांद मोहम्मद लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित ज्वेलर सनी की दुकान के सामने ही चांद मोहम्मद सोना-चांदी गलाने का काम करता है। उसी ने सनी से लूट की साजिश रची थी। चांद मोहम्मद ने लूट की वारदात में कैला भट्ठा के नब्बू उर्फ नवाबुद्दीन और तस्लीम को शामिल किया। नब्बू पर चांद मोहम्मद के करीब चार लाख रुपये उधार थे, इस रकम को नब्बू चुका नहीं पा रहा था। चांद मोहम्मद ने नब्बू को तैयार किया और लूट से मिलने वाली रकम से कुछ उधारी चुकाने की बात समझा दी। तीनों ने 9 सितंबर की रात को लूट की। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने तस्लीम को मौके से दबोच लिया था। एसपी सिटी ने बताया कि लूट का मास्टरमाइंड चांद फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। नब्बू के पास से लूटी गई ज्वेलरी, नकदी और तमंचा बरामद किया गया है।
लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने जा रहा था नब्बू
एसएचओ कोतवाली जयकरन सिंह ने बताया कि नब्बू को कैला भट्ठा क्षेत्र स्थित सादिक की पुलिया के पास से मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया। वह लूटी गई ज्वेलरी को ठिकाने लगाने जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उसे दबोच लिया गया।