पेंट हाउस बेचने के नाम पर फर्जीवाड़ा, पति-पत्नी गिरफ्तार
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी स्थित एक पेंट हाउस को बेचने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने 1.10 करोड़ हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में सिहानी गेट पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
उनके खिलाफ रामनगर निवासी सतीश कुमार ने 27 मार्च को सिहानी गेट थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हुई। सतीश कुमार के मुताबिक 2014 में उन्होंने प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद त्यागी और उनकी पत्नी कविता से प्रॉपर्टी खरीदने की बात की थी। इस पर उन्होंने कहा कि वह उनका इंदिरापुरम की शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी स्थित पेंट हाउस खरीद लें। उसकी कीमत 2.40 करोड़ रुपये रखी गई। सतीश के मुताबिक 1.10 करोड़ रुपये तत्काल दे दिए गए। पेंट हाउस पर बकाया लोन प्रमोद त्यागी ने चुकाने की बात की। इसका एग्रीमेंट किया गया। सतीश का आरोप है कि रजिस्ट्री कराने को कहा तो पति-पत्नी दोनों ने लोन चुका दिए जाने का दावा कर बैंक की एक पत्रावली उन्हें दी। बैंक से इसकी क्रास चेकिंग की गई तो दस्तावेज फर्जी पाए गए। 1.10 करोड़ रुपया वापस मांगने पर उन्होंने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सिहानी गेट पुलिस ने जांच के बाद पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, प्रमोद त्यागी का कहना है कि पेंट हाउस की असल कीमत 3.5 करोड़ थी, इसके बाद करीब 60 लाख रुपये वह बाद में दे चुके हैं। उन्होंने सतीश पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया है और एक ही केस तीन थानों में दर्ज कराने का भी आरोप लगाया है।