अनिल दुजाना के नाम पर मांगी 50 लाख की रंगदारी, चार पर एफआईआर दर्ज
मसूरी। थाना क्षेत्र के एक गांव में जमीन खरीदना कविनगर के रहने वाले एक व्यक्ति को भारी पड़ रहा है। आरोप है कि दीनानाथपुर पूठी के रहने वाले चार लोग उससे अनिल दुजाना के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांग रहे हैं। रकम न देने से इंकार करने पर उन्होंने फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर चारों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कविनगर निवासी सुनील अरोड़ा के मुताबिक उन्होंने मसूरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 2530 वर्ग मीटर जमीन खरीदी है। बीती 16 अक्तूबर को उसका बैनामा कराया गया है। वह अपनी जमीन की चारदीवारी करा रहे थे। इसी दौरान दो एसयूवी कार में सवार होकर दीनानाथपुर पूठी निवासी वीरेंद्र प्रधान, अनुज, सुंदर और कौशिकेंद्र अपने कई अन्य साथियों के साथ पहुंचे और उन पर सीधा फायर झोंक दिया। उन्होंने कहा कि वह अनिल दुजाना गिरोह से जुड़े हैं। उन्होंने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। बीती 23 नवंबर को वह जमीन पर बाउंड्रीवाल के लिए नींव भरवा रहे थे, इसी दौरान वह फिर पहुंचे और धमकाया कि उनकी अनुमति के बिना कैसे निर्माण शुरू कर दिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने फोन पर भी रंगदारी के लिए बार-बार धमकी दी। इसके बाद उन्होंने मसूरी थाने में शिकायत दी। बृहस्पतिवार को मसूरी पुलिस ने चारों को नामजद कर बलवे, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट और रंगदारी मांगने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।