महिला ने अनजाने में खाया ‘जहर’, मौत
साहिबाबाद। इंदिरापुरम के मकनपुर में शनिवार रात एक महिला ने अनजाने में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन तत्काल उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मुकेश त्यागी इंदिरापुरम के मकनपुर में परिवार के साथ रहते हैं। वह एक स्कूल चलाते हैं। शनिवार रात उनकी पत्नी नीरा देवी ने अनजाने में जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टी होने पर परिजन आननफानन में उन्हें लेकर पास के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने खुदकुशी करने की बात से इनकार किया है। अस्पताल की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इंदिरापुरम एसएचओ नजीर खान ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने लिखित में पुलिस को दिया है कि महिला ने खुदकुशी नहीं की है। परिजन कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं।