युवती का अपहरण, जाम में
फंसी गाड़ी तो उतरकर भागी
- पीड़िता का आरोप, भाई को मारने की धमकी देकर थाने में जबरन कराया फैसला
- युवती ने मंगेतर और उसके दोस्त पर लगाया अपहरण करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद।
अर्थला से पिछले शनिवार को दो युवकों ने सरेराह एक युवती का अपहरण कर लिया था। इनमें से एक युवक युवती का मंगेतर है। आरोपी उसे कार में डालकर चले, लेकिन कार जाम में फंसी तो शोर मचाकर युवती चंगुल से छूटकर भाग निकली। सूचना पर साहिबाबाद पुलिस युवती और आरोपियों को थाने ले गई। युवती का आरोप है कि पुलिस ने जबरन फैसला लिखवाया था। बुधवार को फिर से पीड़िता शिकायत करने थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने मामला सिहानी गेट थाना क्षेत्र का बताकर चलता कर दिया।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र निवासी निवासी युवती (22) अर्थला में ब्यूटीशियन का कोर्स करती है। तीन साल पहले परिजनों ने उसका रिश्ता एक युवक से तय किया था। उनका मिलना-जुलना शुरू हो गया था। करीब दो साल बाद उसे युवक के शादीशुदा होने की जानकारी हुई तो संपर्क तोड़ दिया था। शनिवार को युवती इंस्टीट्यूट जा रही थी। उसके मंगेतर ने दोस्त के साथ मिलकर अर्थला में युवती का कार में अपहरण कर लिया। युवती ने विरोध भी किया, लेकिन लोगों ने मदद नहीं की। घटना का लोगों ने वीडियो भी बना रखा है। आरोपी उसे कार में बंधक बनाकर ले जाने लगे। कुछ दूरी पर कार जाम में फंस गई। गाड़ी रुकी तो युवती ने शोर मचाया और कार का गेट खोलकर भाग निकली। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवकों को दबोच लिया और युवती को भी थाने ले गई। साहिबाबाद एसएचओ राकेश सिंह का कहना है कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा था, लेकिन पीड़िता और उसके परिजन केस दर्ज कराने को तैयार नहीं थे। आरोपियों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया था। पीड़िता ने कभी उनसे शिकायत नहीं की, अगर वह शिकायत देती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाती।
अपहरण का वीडियो देखकर भी नहीं की कार्रवाई
युवती का आरोप है कि अपहरण का वीडियो दिखाने के बाद भी साहिबाबाद पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी पीड़िता को थाने पर भी धमकाते रहे और दबाव बनाकर फैसला लिखवा लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसकी फोटो के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील क्लीपिंग बना ली है। वह इसे वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। मामले में साहिबाबाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार किया है। पुलिस उसे एक से दूसरे थाने के चक्कर लगवा रही है।