मथुरा के कोसीकलां में कोकिलावन धाम स्थित एक मंदिर के महंत को तड़के गोली मार दी गई। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। महंत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोसीकलां के कोकिलावन स्थित शनिधाम प्रख्यात तीर्थस्थल है। यहां के परिक्रमा मार्ग में भी कई मंदिर बने हैं। इन्हीं मंदिरों में से एक मंदिर पर गुरुवार तड़के करीब 5 बजे महंत लाडलीदास बाबा आरती कर रहे थे।
इसी दौरान आने बदमाशों ने बिना कुछ बात किए महंत को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। तब तक बदमाश भाग चुके थे। महंत को गंभीर हालत में मथुरा के नयति अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले में पुलिस हमले का कारण तलाश रही है। फिलहाल रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि महंत को मंदिर पर वर्चस्व की लड़ाई में गोली मारे जाने की संभावना है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।