पड़ोसन ने किया बच्ची को अगवा, रिपोर्ट दर्ज
लोनी। न्यू विकास नगर कालोनी में मंगलवार शाम पड़ोसन ने चार माह की बच्ची को अगवा कर लिया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मूलरूप से गांव पावला जिला बागपत के रहने वाले कारपेंटर धर्मवीर लोनी की न्यू विहार कालोनी में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। परिवार में पत्नी संगीता और बेटी शगुन (4) हैं। उनकी मां जगवति देवी कालोनी में अपने छोटे बेटे के साथ कुछ दूरी पर किराए के मकान में रहती हैं। मंगलवार शाम मां शगुन को अपने साथ अपने घर ले गईं। उसी मकान में किराए पर रहने वाली काजल ने बच्ची को खिलाने के बहाने गोद में ले लिया। कुछ देर वह घर में खिलाती रही। कुछ देर बाद वह बच्ची को घर के बाहर ले गई और वापस नहीं आई। परिजनों ने उसे तलाश करने की काफी कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। देर रात परिजनों ने आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लोनी कोतवाली एसएचओ अभय प्रताप का कहना है कि बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी गई है।