क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर एमबीए की छात्रा को ठगा
इंदिरापुरम। जालसाजों ने एमबीए छात्रा को क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर 45 मिनट में तीन गुना पैसा जीतने का झांसा देकर 64 हजार रुपये की चपत लगा दी। सोशल मीडिया पर डांस कलाकार की प्रोफाइल बनाकर छात्रा को झांसे में लिया गया था। आरोप है कि ठगों ने 10 हजार रुपये निवेश कराकर जीएसटी, सिक्योरिटी और पैसे रिफंड करने के नाम पर ठगी की। इंदिरापुरम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वसुंधरा निवासी एमबीए की छात्रा साक्षी से नवंबर में सोशल मीडिया पर एक डांस कलाकार की प्रोफाइल बनाकर जालसाजों ने संपर्क किया। साक्षी ने बताया कि उन्हें 10 हजार रुपये निवेश करने पर 45 मिनट में 30 हजार रुपये जीतने का झांसा दिया गया। कई प्रकार अन्य प्रलोभन दिए गए। उन्होंने विश्वास करके 10 हजार रुपये निवेश कर दिए। आरोप है कि काफी इंतजार करने पर उन्होंने डांस कलाकार से संपर्क किया तो उनसे जीएसटी के नाम पर 18 हजार रुपये और सिक्योरिटी व पैसे रिफंड के बहाने करीब 64 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बावजूद भी जब उन्हें पैसे नहीं मिले तो उन्होंने दोबारा संपर्क किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
डांस कलाकार की प्रोफाइल बनाकर झांसे में लिया
छात्रा का कहना है कि वह एक कोरियोग्राफर की ऑनलाइन डांस क्लास भी लेती हैं। लिहाजा उनकी प्रोफाइल को देखकर ही उन्होंने क्रिप्टो करेंसी में निवेश किया था। जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने ऐसी प्रोफाइल बनाने से साफ इन6कार कर दिया। साइबर सेल के नोडल अधिकारी और इंदिरापुरम सीओ अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर टीम जांच कर रही है। कई पहलुओं पर जांच कर सुराग मिले हैं, जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।