गाजियाबाद/मसूरी। कविनगर और वेव सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले दो लोगों से साइबर ठगों ने 4.24 लाख रुपये ठग लिए। दोनों पीड़ितों ने प्राथमिकी दर्ज कराई हैं।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कृष्णा कुंज अवंतिका निवासी रामभूल शर्मा के मुताबिक उनके बैंक खाते से नौ जुलाई 2025 को धनराशि ट्रांसफर कर ली गई। बताया कि 20 ट्रांजक्शन में साइबर ठगों ने तीन लाख 19 हजार 115 रुपये खाते से अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। उधर, एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सेक्टर-दो में रहने वाले संजय सिंह मूलरूप से ग्राम कछौंडा वारसाबाद के रहने वाले हैं। संजय सिंह के मुताबिक उनके मोबाइल फोन को साइबर ठगों ने हैक कर 20 से 22 जनवरी के बीच खाते से 1.05 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। साइबर ठगी के दोनों पीड़ितों ने कविनगर और वेव सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।