मोदीनगर। नगर के गुरुद्वारा रोड पर बृहस्पतिवार रात कार में तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाने को लेकर बलवा हो गया। आरोपियों ने कार सवार युवकों को बुरी तरह पीटा और कार तोड़ दी। कार सवारों ने आरोपियों पर सवा लाख रुपये की नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस के पहुंचने पर भी आरोपी तोड़फोड़ करते रहे। पुलिस ने 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कस्बा फरीदनगर निवासी सलीम और नाजिम के अनुसार वह पैसों की कमेटी डालते हैं। बताया कि बृहस्पतिवार रात वह कार से मोदीनगर की किदवई नगर कॉलोनी में कमेटी के पैसे लेने आए थे। रकम लेने के बाद दोनों युवक वहां होटल पर खाना खाने लगे। आरोप है कि इस दौरान सलीम और नाजिम ने कार का म्यूजिक सिस्टम बहुत तेज आवाज में बजाया। पड़ोसियों ने म्यूजिक सिस्टम की आवाज कम करने को कहा। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। आरोप है कि बड़ी संख्या में लाठी-डंडों से लैस युवक वहां पहुंचे और सलीम व नाजिम की पिटाई करने के बाद कार में तोड़फोड़ कर दी। सलीम का आरोप है हमलावर कार में रखी सवा लाख रुपये की नकदी लूटकर भाग गए।
पुलिस के सामने भी आरोपी शांत नहीं हुए। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार 12 अज्ञात के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपी शोएब उर्फ कुन्नी व शानू उर्फ कालू निवासी किदवईनगर मोदीनगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है।