मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव डबाना में मंगलवार सुबह प्लॉट में रखी निर्माण सामग्री के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवक पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली युवक के पेट में लगकर आरपार हो गई। गोली लगने के बाद भी घायल युवक हमलावरों से भिड़ गया, जिससे एक आरोपी का तमंचा मौके पर ही गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी ग्रामीणों को पिस्टल दिखाकर और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गांव डबाना निवासी राजू राठी किसान हैं। उनके पिता धर्मपाल की पहले ही मौत हो चुकी है। वह मां विजयवती, बड़े भाई संजीव उर्फ नीटू और छोटे भाई आकाश के साथ रहते हैं। बड़े भाई संजीव ने बताया कि घर का निर्माण चल रहा है। सीमेंट, सरिया और अन्य सामग्री पास में ही चाचा के खाली प्लॉट में रखी थी। आरोप है कि चचेरा भाई रोहित उर्फ पान्ना इसी बात को लेकर रंजिश रखता है और कई बार विवाद कर चुका है। मंगलवार सुबह छोटा भाई आकाश मां को डॉक्टर के पास ले गया था। राजू खेत से लौटकर घर पर कपड़े धो रहा था, तभी रोहित अपने साथी अमन उर्फ मुर्गा के साथ पिस्टल और तमंचा लेकर आ गया।
आरोप है कि प्लॉट से सामग्री हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते रोहित ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली राजू के पेट में लगी और आरपार हो गई। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। लहूलुहान होने के बावजूद राजू ने हिम्मत दिखाई और हमलावरों से भिड़ गया। छीना-झपटी के दौरान हमलावरों का एक तमंचा जमीन पर गिर गया।
ग्रामीणों को आते देख दोनों आरोपी घबरा गए। उन्होंने भीड़ को पिस्टल दिखाकर डराया और दो राउंड हवाई फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भाग गए। सूचना पर एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम और निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से गिरा तमंचा और खोखा कारतूस कब्जे में लिया है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर रोहित उर्फ पान्ना और अमन उर्फ मुर्गा निवासी डबाना के खिलाफ हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें दबिश दे रही हैं।
पहले भी कर चुके हैं फायरिंग
परिजनों के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं और पहले भी ऐसी वारदात कर चुके हैं। जून 2025 में गांव कैथवाड़ी में स्कूल के पास युवकों पर फायरिंग के मामले में ग्रामीण मदन ठाकुर ने रोहित, अमन समेत चार लोगों के खिलाफ निवाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने दोबारा दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे दिया।