लोनी। बंथला नहर रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक सवार दंपती से सोने के जेवर और दो मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से बदमाशों का हुलिया पूछकर कुछ संदिग्धों के फोटो दिखाए। फोटो देखते ही दंपति ने दोनों बदमाशों की पहचान कर ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंद्रापुरी कॉलोनी निवासी राजेश कसाना ने पुलिस को बताया कि वह 26 सितंबर को पत्नी प्रियंका के साथ बाइक से मेवला भट्टी गांव अपनी रिश्तेदारी में गए थे। दोपहर करीब तीन बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि कोतवालपुर गांव के कट से आगे बंथला नहर रोड पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर दंपती को धमकाया और पत्नी की सोने की चेन, एक कंठी और दो मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दंपती से बदमाशों का हुलिया पूछने के बाद कुछ संदिग्धों के फोटो दिखाए। फोटो देखकर दोनों ने बदमाशों की पहचान कर ली।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पीड़ित ने दोनों आरोपियों की पहचान अंकित और राहुल निवासी गांव गनौली, थाना लोनी के रूप में की है। शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।