मसूरी/गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर तेज और अनियंत्रित कंटेनर ने हाइवे किनारे खड़े दो ट्रकों में टक्कर मार दी। कंटेनर की चपेट में आकर ट्रकों के दोनों चालकों की मौत हो गई। दोनों ट्रकों को क्षतिग्रस्त कर आरोपी चालक केंटर लेकर भाग गया।
एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर 10 मई की रात करीब एक बजे मेरठ से दिल्ली जा रहे दो ट्रक हवा-हवाई रेस्टोरेंट के नजदीक एक्सप्रेस-वे किनारे खड़े करके उनके चालक टायरों की हवा चेक कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से तेज गति से आए कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े दोनों ट्रकों में टक्कर मार दी। कंटेनर की चपेट में आकर दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। कंटेनर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। आरोपी चालक कंटेनर लेकर भाग गया। बताया कि घायल दोनों चालकों को मोदीनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बुधवार की शाम मसूरी थाने पहुंचे महेंद्र पाल निवासी गुरुद्वारा सिंह सभा नेहरू मार्किट राजौरी गार्डन पश्चिमी दिल्ली ने दोनों चालकों की शिनाख्त की है। महेंद्र पाल के मुताबिक मृतकों में उनका भाई जसवीर सिंह (55) निवासी दशमेरा कालोनी रामगढ़ जनपद अलवर और दूसरा ट्रक चालक मोंटी (46) निवासी मोहम्मदपुर गुर्जर उर्फ चौकपुरी थाना गजरौला जनपद मुरादाबाद के रूप में की है। पीड़ित महेंद्रपाल की तहरीर पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ बीएनएस के अंतर्गत लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281, जीवन संकट में डालने की धारा 125(बी), गैर इरादतन हत्या की धारा 106(1) और सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा 324(4) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक्सप्रेस-वे की लापरवाही से हो रहे हादसे
जनपद मेरठ के परतापुर और मसूरी स्थित हवा हवाई के बीच पिछले दो वर्षों के अंतराल में डीएमई पर सात लोगों ने अपनी जान गवांई है। सितंबर 2024 को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मसूरी क्षेत्र में हवा हवाई रेस्टोरेंट के सामने साइड में खड़े ट्रॉले से स्कूटी टकरा गई थी। हादसे में स्कूटी सवार तीन दोस्तों बिट्टू उर्फ विकास (21) व अंशु उर्फ मनमोहन (30) निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली और विपिन भट्ट (25) निवासी न्यू अशोकनगर दिल्ली की मौत हो गई थी। वहीं, सितंबर 2023 में मेरठ से दिल्ली जा रही परिवहन निगम की यात्रियों से भरी बस हवा हवाई रेस्टोरेंट के सामने स्थित फ्लाईओवर से नीचे गिर गई थी, जिसमें 21 सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। दिसंबर 2024 को बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। महाशिवरात्रि पर कांवड लेकर आ रहे तीन भाइयों को कार ने टक्कर मारकर उनकी जान ले ली। डीएमई पर पथ प्रकाश की कमी, वाहनों की चेकिंग न होना, ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच न होना, गति मापक यंत्र और सीसीटीवी कैमरे विहीन एक्सप्रेस-वे हादसों का सबब बन रहा है। प्रतिबंध के बावजूद डीएमई पर दोपहिया वाहन दौड़ते नजर आते हैं।