जीटी रोड पर डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक। संवाद
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। उसके पीछे तेज रफ्तार से आ रहा कंटेनर क्षतिग्रस्त डंपर में जा घुसा। हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, डंपर का चालक हादसे के बाद भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसा होटल क्रिस्टल के सामने हुआ। मृतक की पहचान अमरोहा के गंगवार पोस्ट स्थित बास गांव निवासी जाकिर अली (32) के रूप में हुई है। दोनों वाहन लालकुआं क्षेत्र से दिल्ली की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने हाईड्रा की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पपीतों से भरा ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा, दिनभर लगा रहा जाम
नगर कोतवाली क्षेत्र में एमएमजी अस्पताल के सामने जीटी रोड पर बृहस्पतिवार देर रात पपीतों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इससे ट्रक के दोनों अगले पहिये निकलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के कारण शुक्रवार को दिनभर जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रक चालक मोहम्मद अशरफ ने बताया कि चार दिन पहले कर्नाटक से पपीते लेकर साहिबाबाद मंडी के लिए निकला था। देर रात एक कार को बचाने के प्रयास में ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। शुक्रवार दोपहर ट्रक से पपीते उतारकर मंडी भेजे गए। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि ट्रक को सड़क से हटा दिया गया है। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।