उत्तर प्रदेश के हापुड़ के हाफिजपुर इलाके में एक सिपाही ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिपाही दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या करने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हाफिजपुर थाना इलाके के गांव चितौली में देर रात सिपाही ने कमरे में देशी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गृहक्लेश के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक सिपाही वर्तमान में मुज्जफरनगर पुलिस लाइन में तैनात था।
सिपाही दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी। गांव चितौली के साधारण किसान नरेश पाल सिंह का पुत्र जोनी बाना (28) वर्ष 2019 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था।
रविवार की रात वह अपनी पत्नी शिवानी और चार वर्षीय पुत्र शौर्य के साथ एक कमरे में सो गया था। देर रात घर के दूसरे कमरे से गाली चलने की आवाज पर उसकी पत्नी शिवानी की नींद खुल गई, जब वह पति को ढूंढते हुए दूसरे कमरे में पहुंची तो वहां पति का शव खून से लथपथ मिला।