मोदीनगर। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चेकिंग के दौरान बाजार में बिक्री के लिए जा रही एक्सपायर डेट की कोल्डड्रिंक की खेप जब्त की। अधिकारी जब्त माल को नष्ट करा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि बाजार में एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक की बिक्री की सूचना मिल रही थी। बुधवार शाम उन्होंने हापुड़ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक मिनी ट्रक में बड़ी संख्या में एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक की पेटियां मिलीं। आरोपियों ने चकमा देने के लिए पेटी के बाहर वर्तमान तिथि की और अंदर की तरफ एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक लगाई हुई थी। मीरा सिंह के अनुसार एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक नामी कंपनी की थीं और मिनी ट्रक से इसकी सप्लाई सुपर एक्सेल मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड गदाना हापुड़ मार्ग के द्वारा की जा रही थी।
सप्लाई के लिए एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक ले जा रहे कर्मचारी राहुल और नितिन त्यागी के पास खाद्य सामग्री ढुलाई का लाइसेंस भी नहीं था। मीरा सिंह ने बताया कि अगर कोई कोल्डड्रिंक तीन चार महीने पहले एक्सपायर्ड हो चुकी हो तो उसमें फंगस या अन्य कीटाणु पैदा हो सकते हैं। ऐसे पदार्थ के सेवन से फूड पॉयजनिंग का खतरा रहता है। उन्होंने पकड़ी गई एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक की कीमत 22 हजार रुपये बताई।