मोदीनगर। कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी कांग्रेसियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों को फांसी देने की मांग की। कांग्रेसियों ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील शर्मा के साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पहुंचे और अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप में भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने पहले उप जिलाधिकारी कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया। फिर भाजपा सरकार व आरएसएस पर जमकर भड़ास निकाली। सुनील शर्मा ने राम मंदिर परिसर में हुई चढ़ावा चोरी में शामिल राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और उनके सहायकों के लिए फांसी की मांग की। सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के मंदिर में करोड़ों रुपये की कीमत के गहने और नकदी चोरी में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना से दुनियाभर के रामभक्तों की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है। आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने मंदिर चढ़ावा चोरी में मुगल शासन को भी पीछे छोड़ दिया। कांग्रेसियों ने लगभग एक घंटे तक हंगामा प्रदर्शन करने के बाद उप जिलाधिकारी अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बृजेश सेन, चांदवीर चौधरी, राकेश सोनी, वीरेंद्र शर्मा, समसा खान, भिखारीलाल कश्यप, अनस सैफी, फकीर चंद कश्यप, सुनील कटारिया, वकील अहमद, राजकुमार त्यागी, जनेश्वर शर्मा, कल्पना सिंह, कौशल रानी, अब्दुल रहमान, मनीष शर्मा आदि कई मौजूद थे।