आयकर विभाग के अफसरों की शिकायत सराफा एसोसिएशन ने पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के ट्वीटर अकाउंट पर की है। व्यापारियों का कहना है कि आयकर अधिकारी सर्वे या सर्च के नाम पर अवैध उगाही कर रहे हैं। व्यापारियों के साथ अभद्रता की जाती है और उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाती है।
एसोसिएशन ने साक्ष्य भी अपलोड किए हैं। दूसरी ओर सोमवार को व्यापारियाें ने बाजार बंद रखा और कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर डीएम और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। डीएम के आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई है।
शनिवार को डिपार्टमेंट की टीम ने राधेलाल संस ज्वैलर्स और स्वर्ण महल ज्वैलर्स के यहां कार्रवाई की, लेकिन व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के कड़े विरोध के कारण टीम को वापस जाना पड़ा। टीम के अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।
उधर, सराफा व्यापारियों ने इनकम टैक्स की कार्रवाई के विरोध में नवयुग मार्केट में सभा की। व्यापारियों ने डिपार्टमेंट की कार्रवाई को अवैधानिक बताते हुए कहा कि अधिकारियों ने जिस प्रकार अभद्रता की वह माफी योग्य नहीं है। शोरूम के सीसीटीवी कैमरे बंद करा दिए। अधिकारी केंद्र सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
एसोसिएशन ने डीएम व एसएसपी को ज्ञापन दिया, जिसमें उन्हाेंने डिपार्टमेंट के वरिष्ठ पर अधिकारी पर कार्रवाई और व्यापारी नेताओं पर लगी एफआईआर वापस लेना की मांग की है। धरने में राजकिशोर गुप्ता, सुभाष चंद गुप्ता, गौरव गर्ग, नितिन गोयल, हरविंद्र कुमार, अनिल कुमार गर्ग आदि मौजूद थे।
20 करोड़ का कारोबार प्रभावित
सराफा व्यापारियों की एक दिन की हड़ताल का असर यह रहा है कि शहर और टीएचए की 1100 दुकानें बंद रहीं। इससे करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।