विजयनगर क्षेत्र के दो परिवारों की बेटियों की शादी में भाजपा के एक नेता की वजह से व्यवधान पड़ गया। दोनों परिवारों ने बेटियों की शादी में सामुदायिक भवन और रामलीला ग्राउंड बुक कराने के लिए भाजपा के महानगर महामंत्री को पैसा दिया और तैयारियों में जुट गए। कार्ड छपवाकर बांट दिए गए।
दो दिन बाद बारात आनी है और अब उन्हें पता चला है कि उनके नाम पर सामुदायिक भवन व रामलीला मैदान बुक ही नहीं किए गए। सामुदायिक भवन किसी अन्य के नाम पर बुक कर दिया गया है। आंखों में आंसू लिए बुधवार को दोनों लोगों ने नगर निगम पहुंचकर महापौर अशु वर्मा से इसकी शिकायत की।
पुराना विजयनगर सेक्टर-9 निवासी दो परिवार की दो बेटियों की शादी 29 अप्रैल को होनी है। इनमें से एक परिवार ने चाणक्य चौक के पास सामुदायिक भवन को बुक कराने और दूसरे परिवार ने रामलीला मैदान को बुक कराने के लिए भाजपा के महानगर महामंत्री लेखराज माहौर को पैसा दिया था।
परिवार वालों का कहना है कि भाजपा नेता ने निगम में बुकिंग कराने का आश्वासन दिया था। उनके आश्वासन पर दोनों परिवारों ने कार्ड भी छपवा लिए और उनमें कार्यक्रम स्थल का पता भी छपवा दिया। 29 अप्रैल को बारात आनी है और अब उन्हें पता चला है कि भाजपा नेता ने न तो सामुदायिक भवन बुक कराया और न ही रामलीला मैदान।
सामुदायिक भवन किसी अन्य के नाम से बुक हो चुका है। ऐसे में अब उन्हें चिंता सता रही है कि महज दो दिन में वह शादी के लिए कहां जगह तलाशेंगे। जगह न मिली तो शादी कहीं टूट न जाए। उन्होंने महापौर को शिकायत देकर मदद की गुहार की है।
उधर, भाजपा महानगर महामंत्री लेखराज माहौर अब गलती मान रहे हैं। उनका कहना है कि इनमें से एक परिवार की बेटी की शादी के लिए रामलीला मैदान के बगल में ही खाली पड़े पार्क में इंतजाम कराया जा रहा है। वह पार्क की सफाई कराने के लिए तैयार है।
वहीं सामुदायिक भवन की बजाय वह दूसरे पार्क में शादी मंडप लगवाने का इंतजाम कराने का दावा कर रहे हैं।