साहिबाबाद। दिल्ली गाजियाबाद मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर पार्किंग स्थलों में व्यावसायिक दुकानें विकसित की जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां फूड कोर्ट, स्टूडियो, सर्विस अपार्टमेंट बनाए जानें हैं। एकीकृत पार्किंग एवं व्यावसायिक भूखंड को विकसित करने के लिए आरआरटीएस ने लोगों को आमंत्रित किया है। 27 दिसंबर तक लोग अपने नए विचार और योजनाओं के साथ आरआरटीएस बिजनेस कॉरिडोर के लिए पंजीकरण करा सकते हैं।
आरआरटीएस के सभी स्टेशनों को बहुउद्देश्य बहुक्रियाशील केंद्र बनाया जाना है। इससे न केवल यात्रियों की तत्काल जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा बल्कि अवकाश, काम और यात्रियों के रहने के लिए स्थान भी प्रदान करना है। जिन स्टेशनों पर इस योजना को बढ़ावा देना है उसमें डीपीएस राजनगर गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण, मोदी नगर उत्तर और मेरठ दक्षिण शामिल हैं। एनसीआरटीसी के अनुसार इस योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 27 दिसंबर 2024 है। इसकी जानकारी एनसीआरटीसी की वेबसाइट पर भी मौजूद है।