वसुंधरा। गाजियाबाद में आशियाने का सपना संजो रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। आवास विकास परिषद सिद्धार्थ विहार योजना में 20 मंजिला आवासीय योजना स्वतंत्रता दिवस पर लांच करने जा रही है। योजना में लोग एलआईजी और एमआईजी फ्लैटों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
प्रॉपर्टी मार्केट में मंदी को देखते हुए परिषद ने लग्जरी फ्लैटों के निर्माण पर रोक लगा दी है। ऐसे में अब परिषद मध्य वर्ग के लिए एलआईजी और एमआईजी फ्लैट बनाएगा। सिद्धार्थ विहार सेक्टर-8 में 20 मंजिला दो टावर बनाने का प्रस्ताव परिषद अधिकारियों ने तैयार किया है।
मुख्यालय से मुहर लगते ही योजना पर काम कर दिया जाएगा। आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि योजना के प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। जल्द ही इस पर अंतिम मुहर लगने के बाद योजना को लांच कर दिया जाएगा। योजना में करीब 40 मीटर में एलआईजी और करीब 60 मीटर में एमआईजी फ्लैट लांच किए जाएंगे। एलआईजी की कीमत करीब 20 लाख रुपये और एमआईजी की कीमत 30-35 लाख रुपये के बीच रखी जाएगी।
जितने आवेदन उतने ही फ्लैटों का किया जाएगा निर्माण
रीयल एस्टेट मार्केट में मंदी का असर परिषद की योजनाओं पर भी पड़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि योजना के टेंडर जारी करने से पहले रजिस्ट्रेशन खोले जाएंगे। जितने आवेदन आएंगे, उतने ही फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा।
गौरतलब है कि परिषद की सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा, यमुना और हिंडन एंकलेव और मंडोला विहार की बहुमंजिला योजना का निर्माण तो शुरू हो गया है, मगर यहां फ्लैटों के लिए लोग आवेदन ही नहीं कर रहे हैं।
फ्लैट क्षेत्रफल कीमत
एलआईजी 40 मीटर 20 लाख रुपये
एमआईजी 60 मीटर 30-35 लाख रुपये