अब आपको आवास विकास परिषद की योजनाओं में फ्लैट खरीदने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। फ्लैटों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने से लेकर अलॉटमेंट तक की हर प्रक्रिया अब ऑनलाइन होने जा रही है।
यहां तक की किश्तों का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकेगा। सबसे पहले सिद्धार्थ विहार की गंगा, यमुना और हिंडन एंक्लेव को इस योजना का लाभ मिलेगा। परिषद ने कुछ माह पहले ऑनलाइन फ्लैट चुनने की योजना लांच की थी।
इसके तहत घर बैठे अपने मनपसंद फ्लैट के लिए आवेदन किया जा सकता था। अब इसी कड़ी में परिषद ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। यहां परिषद की वेबसाइट पर जाकर किसी भी योजना में रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा।
ड्रॉ और अन्य जानकारियां आपकी ई-मेल पर आएंगी। ड्रॉ का रिजल्ट भी ऑनलाइन होगा। इसके बाद फ्लैट का नंबर, फ्लैट की लोकेशन और आसपास पार्क आदि की लोकेशन भी वेबसाइट पर ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
इसके बाद योजना की किश्तें घर बैठे जमा की जा सकेंगी। पजेशन लेटर जारी होने के बाद आवंटी को सिर्फ रजिस्ट्री कराने परिषद के कार्यालय जाना होगा। आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि सिद्धार्थ विहार योजना की गंगा, यमुना और हिंडन एंक्लेव को पूरी तरह ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके बाद अन्य योजनाओं में आवेदन करने वाले आवंटियों को भी ऑनलाइन स्कीम का लाभ मिल सकेगा।
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा आवंटन
परिषद अधिकारियों का कहना है कि जिन योजनाओं को ऑनलाइन किया जाएगा, उनमें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटन होगा। योजना में आवंटी अपना फ्लैट खुद चुन सकेंगे और रजिस्ट्रेशन फीस तुरंत परिषद के खाते में डालेंगे। इसके बाद फ्लैट उनके नाम पर बुक हो जाएगा।
सिद्धार्थ विहार और मंडोला को सबसे पहले फायदा
सिद्धार्थ विहार योजना को जल्द ही ऑनलाइन कर दिया जाएगा। इसके बाद मंडोला विहार की मल्टीस्टोरी योजना को भी ऑनलाइन करने की तैयारी है।