गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र की महागुनपुरम सोसायटी के विनायक टॉवर से गिरकर कक्षा 12 के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड से प्रथम कांत (20) पुत्र अमित कांत निवासी वेव सिटी के रूप में हुई। प्रथमदृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि प्रथम कांत बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे महागुनपुरम सोसायटी में पैदल आता दिखाई दिया था। बाद में उसका शव विनायक टॉवर के पास मिला। जांच में सामने आया कि प्रथम सीढ़ियों के रास्ते 14वीं मंजिल तक पहुंचा था, जहां से वह नीचे गिर गया। उसका मोबाइल फोन 10वीं मंजिल की सीढ़ियों पर टूटा हुआ मिला। पुलिस को आशंका है कि सीढ़ियों से ऊपर जाते समय किसी से बातचीत के दौरान मोबाइल फोन गिरकर या पटकने से क्षतिग्रस्त हुआ होगा।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम मूलरूप से देहरादून का रहने वाला था और वर्तमान में माता-पिता के साथ वेव सिटी के टॉवर-3 में रहता था। उसके पिता अमित कांत निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। प्रथम देहरादून के एक निजी स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था और कुछ दिन पहले ही माता-पिता के पास आया था। वह बॉक्सिंग की भी प्रैक्टिस करता था।
एसीपी ने बताया कि मोबाइल फोन की मरम्मत कराकर उसकी जांच की जा रही है। इससे मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। मामले की जांच जारी है।