फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rahul Gandhi Comment Controversy : एंकर की गिरफ्तारी के लिए नोएडा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच नोकझोंक

Wed, 06 Jul 2022 05:15 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद/नोएडा

सार

राहुल के बयान को गलत तरीके से पेश करने के मामले में नोएडा पुलिस गाजियाबाद से उसे उठा लाई।
विज्ञापन
इंदिरापुरम में छत्तीसगढ़ और गाजियाबाद पुलिस के बीच नोकझोंक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान को गलत तरीके से पेश करने के मामले में मंगलवार सुबह टीवी एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची छत्तीसगढ़ और गाजियाबाद पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। 

विज्ञापन


इसी बीच नोएडा के सेक्टर-20 थाने की पुलिस आई और रोहित को गिरफ्तार कर ले गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने इसकी वजह पूछी तो जवाब मिला कि रोहित के खिलाफ नोएडा में केस दर्ज है। रोहित को ले जाने के लिए छत्तीसगढ़ और नोएडा पुलिस में खींचतान भी हुई। हालांकि, देर रात नोएडा पुलिस ने थाने से एंकर को जमानत पर रिहा कर दिया। पूछताछ के बाद साक्ष्यों के आधार पर एंकर की गिरफ्तारी की गई और जमानती धारा होने के कारण थाने से ही छोड़ दिया गया।

इंदिरापुरम की निहो स्काटिस सोसाइटी निवासी रोहित के खिलाफ छत्तीसगढ़ के रायपुर में मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने की पुलिस सुबह साढ़े पांच बजे पहुंची। इसका पता चलते ही रोहित ने ट्वीट करके गाजियाबाद पुलिस से मदद मांगी। छत्तीसगढ़ पुलिस ने रोहित को कार में बिठा लिया और चलने ही वाली थी कि इंदिरापुरम थाने की पुलिस पहुंच गई।
विज्ञापन


पुलिस ने छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि आप लोग कौन हैं? यहां क्यों आए हैं? जवाब मिला, हमारे पास वारंट है और रोहित को गिरफ्तार करने आए हैं। हम छत्तीसगढ़ पुलिस से हैं। गाजियाबाद पुलिस ने एक और सवाल दागा, पुलिसवाले हो तो वर्दी में क्यों नहीं हो और थाने में आमद दर्ज क्यों नहीं कराई? जवाब मिला, आमद दर्ज कराना जरूरी नहीं। फिर भी अब सूचना दे रहे हैं।

रोहित ने योगी आदित्यनाथ को किया ट्वीट
एंकर रोहित रंजन ने 112 नंबर पर कॉल कर स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद एसएसपी और एडीजी जोन लखनऊ को ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, यह क्या मजाक है, बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए छत्तीसगढ़ पुलिस मेरे घर गिरफ्तारी करने पहुंची है। क्या यह कानून सही है? सूचना पर गाजियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद ही नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस भी इंदिरापुरम थाने में आमद दर्ज कराकर मौके पर पहुंच गई।

कभी इस कार में तो कभी उसमें
रोहित को पहले छत्तीसगढ़ थाना पुलिस ने कार में बिठा लिया। इसके बाद नोएडा पुलिस पहुंची तो उसने अपनी कार में बिठा लिया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस पर एतराज जताया और रोहित को जबरन कार में बिठाने की कोशिश की। इस पर दोनों में खींचतान हुई। रोहित के समर्थन में लोग भी पहुंच गए। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। इसी दौरान नोएडा पुलिस रोहित को लेकर चली गई। छत्तीसगढ़ पुलिस देखती रह गई।

गार्ड ने दी बंधक बनाने की तहरीर
सोसाइटी के गार्डों ने छत्तीसगढ़ पुलिस से पूछताछ की। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस जैसे ही रोहित के फ्लैट की तरफ गई, एक गार्ड ने इंदिरापुरम थाने की पुलिस को फोन से सूचना दी। पुलिस के साथ आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी और अन्य लोग भी पहुंच गए। पुलिस के जाने के बाद गार्ड कपिल कुमार त्यागी ने तहरीर दी है। इसमें बंधक बनाए जाने का आरोप है। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने इसकी जांच करने की बात कही है। 

कांग्रेसियों ने थाने का किया घेराव
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात नोएजा कोतवाली सेक्टर-20 का घेराव किया और पुलिस पर एंकर को बचाने का आरोप लगाया। महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष रामकुमार तंवर ने बताया कि पुलिस जानबूझकर साजिश के तहत एंकर को बचाने का काम कर रही है। 

ट्रांजिट रिमांड के लिए नोएडा में रहेगी छत्तीसगढ़ पुलिस
एंकर रोहित रंजन के ट्रांजिट रिमांड के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय पहुंची, लेकिन पता चला कि एंकर को पुलिस ने न्यायालय में पेश ही नहीं किया। छत्तीसगढ़ पुलिस के सिविल लाइंस थाने में दर्ज मामले के जांच अधिकारी अजय झा ने बताया कि अभी तक एंकर को नोएडा पुलिस ने न्यायालय में पेश नहीं किया है।

ऐसे में वह नोएडा में ही रहेंगे और जब तक ट्रांजिट रिमांड नहीं मिलेगा, यहां से नहीं जाएंगे।  राहुल के खिलाफ खबर के गलत प्रसारण के मामले में एक न्यूज चैनल ने मंगलवार सुबह प्रोड्यूसर नरेंद्र सिंह व ट्रेनी प्रोड्यूसर विकास झा के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें