हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव लुहारी में बाइक की साइड लगने के बाद युवकों में विवाद हो गया। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण बड़ी संख्या में लोग आमने सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे चले। दोनों ओर से जमकर पथराव भी हुआ। मारपीट में घायल एक युवक इरशाद (26) की मौत हो गई। सूचना के बाद करीब पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई, इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। गांव में तनाव देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लुहारी निवासी इरशाद मंगलवार की देर शाम गांव में चल रही रामलीला मंचन में रावण का पुतला दहन होने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही रहने वाले दो युवक अपने तीन साथियों के साथ गंगा मंदिर के पास मुख्य बाजार में एक ठेले पर समोसे खा रहे थे। जिनमें से एक युवक से इरशाद की बाइक टकरा गई। इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान इरशाद सड़क पर गिर पड़ा और उसे सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया।