आधी रात आंधी के साथ आई बारिश साथ में आफत भी लाई। लोगों को गर्मी से भले ही कुछ समय को निजात मिल गई, लेकिन बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। आंधी-बारिश की वजह से बृहस्पतिवार देर रात 12:10 बजे नेहरू नगर, अशोक नगर, मालीवाड़ा समेत कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।
देर रात आई आंधी-बारिश की वजह से बृहस्पतिवार रात नेहरू नगर, अशोक नगर, मालीवाड़ा में 12:10 बजे आपूर्ति ठप हो गई। 2:30 बजे आपूर्ति बहाल हुई। शुक्रवार तड़के लोहारपुरा में लगा ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग की वजह से फुंक जाने से बिजली सप्लाई ठप हो गई।
सुबह पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर बदलने का काम शुरू किया। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि ओवरलोडिंग की वजह से इसके फिर से फुंकने का डर बना रहा। कारपोरेशन के अधिकारी इसे बदलकर 400 केवी ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह तलाश करते रहे, लेकिन जगह नहीं मिल सकी।
शुक्रवार दोपहर नेहरू नगर डीपीएच 132 केवी सब-स्टेशन में लाइटिंग अरेस्ट खराब हो गया। इसे बदलने के लिए दोपहर 12:30 बजे सब-स्टेशन बंद कर दिया गया। इससे नेहरू नगर, घंटाघर, नवयुग मार्केट, सिटी बिजली घर और अंबेडकर रोड सब-स्टेशन बंद हो गए।
करीब आधे शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ढाई घंटे बाद खराब उपकरणों को ठीक कर करीब 3 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके अलावा लालकुआं, नंदग्राम क्षेत्र में भी रात साढ़े 12 बजे से कटौती होती रही।
वहीं अशोक नगर में बृहस्पतिवार रात को तार टूटने से बिजली कटौती रही। हालांकि देर रात में कालोनी को दूसरे फीडर से सप्लाई दे दी गई। शुक्रवार सुबह इन तारों को ठीक करने के लिए दो घंटे कटौती की गई।