साहिबाबाद। दिवाली से पहले शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और बाजारों को रंग-बिरंगी सजावटी लाइटों से रोशन करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने मोहन नगर से कौशांबी तक और वैशाली, वसुंधरा व इंदिरापुरम समेत अन्य इलाकों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराया जाएगा।
दिवाली की तैयारियों को लेकर नगर निगम हापुड़ चुंगी चौराहा, हापुड़ तिराहा, चौधरी मोड़, कालका गढ़ी चौराहा, होली चाइल्ड चौराहा, पुराना बस अड्डा, शहीद स्थल (नया बस अड्डा), सेठ मुकुंदलाल चौराहा और लीलावती चौराहा समेत प्रमुख स्थानों को सजाने की तैयारी कर रहा है। वहीं, टीएचए में मोहन नगर चौराहा, कौशांबी, वैशाली, वसुंधरा और इंदिरापुरम के प्रमुख मार्गों और बाजारों में भी सजावटी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। नगर निगम के प्रकाश प्रभारी एनके चौधरी ने बताया कि दिवाली से पहले प्रमुख चौराहों को सजाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की तैयारी की जा रही है।
वेस्ट से बनी चीजों से भी सजेंगे चौराहे, पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश
दिवाली पर शहर के चौराहों को आकर्षक बनाने के साथ नगर निगम सजावट में कबाड़ से बनी चीजों के इस्तेमाल की भी तैयारी कर रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि सजावट के लिए प्लास्टिक की पुरानी बोतलों, पुराने टायर, लोहे के पुराने पाइप, कबाड़ में पड़ी धातु की वस्तुओं और अनुपयोगी लकड़ी का इस्तेमाल किया जाएगा। इनसे आकर्षक कलाकृतियां, सजावटी आकृतियां, गमले और छोटे इंस्टॉलेशन तैयार किए जा सकते हैं। पुरानी बोतलों को रंगकर उनमें पौधे लगाए जा सकते हैं, जबकि बेकार टायरों को रंगीन गमलों के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। पुराने लोहे और लकड़ी से सजावटी ढांचे बनाकर उन पर रोशनी की व्यवस्था भी की जा सकती है।