गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्रांतर्गत झुंडपुरा गांव में बुधवार शाम चार बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। झुंडपुरा निवासी 11 वर्षीय आहिल पुत्र जाहिद की खुले नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आहिल के पिता मजदूरी करते हैं, आहिल एक बहन व चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
आहिल रोज की तरह घर के पास खेल रहा था, इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पास में बने खुले नाले में गिर गया। नाले में पानी भरा होने के कारण बच्चा बाहर नहीं निकल सका और कुछ ही देर में उसकी जान चली गई। बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं भी थीं, जिस कारण उसे अक्सर दौरा भी पड़ जाता था। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक बच्चे ने नाले में गिरे आहिल को देखा तो उसने शोर मचाया, तब आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को नाले से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए।
जहां से चिकित्सक ने उसे पिलखुआ के रामा अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे झुंडपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान के पुत्र प्रधान नदीम मौके पर पहुंचे। नदीम प्रधान ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रशासन को सूचना दी और मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया। नदीम प्रधान ने कहा कि गांव में खुले नालों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है और इस ओर जल्द ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।