आवास विकास परिषद दिल्ली के करीब अंजतापुरम योजना में लोगों को सस्ते फ्लैटों का तोहफा देने जा रही है। परिषद ने योजना में दो हजार एलआईजी और दो हजार ईडब्ल्यूएस फ्लैट लांच करने की तैयारी की है। अधिकारियों का दावा है कि अगले माह तक योजना के चार हजार फ्लैटों की लांचिंग कर दी जाएगी।
परिषद अधिकारियों का कहना है कि योजना का मुआवजा दिया जा चुका है। ऐसे में अब यहां एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स की योजना लांच करने की तैयारी है। जमीन का कब्जा पूरा नहीं होने के कारण योजना में देरी हो रही थी। अब सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं।
आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि योजना में तेजी लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन से बातचीत कर पूरी योजना में जमीन का कब्जा ले लिया गया है। अगले माह तक योजना को लांच करने की तैयारी है।
ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का रेट छह से आठ लाख
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में दुर्बल आय वर्ग के लिए दो हजार ईडब्ल्यूएस फ्लैट लांच किए जाएंगे। इनका रेट छह से आठ लाख रुपये रखा जा सकता है। हालांकि अभी रेट पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। एलआईजी का रेट 14-16 लाख रुपये रहने की उम्मीद है। फ्लैट्स का निर्माण दो साल में पूरा होगा। अगर इस माह मुआवजे का निर्णय हो जाता है, तो दिवाली पर इन्हें लांच किया जा सकता है। इसके बाद ड्रा किया जाएगा।