गाजियाबाद में रेलवे रोड पर सब्जी लेने आई 70 वर्षीय महिला को बाइक सवार बदमाशों ने रुमाल सुंघाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद नकली नोट थमाकर सोने की चेन लूट ली। महिला करीब दो घंटे तक बदहवास रही। पुलिस सीसीटीवी के जरिए जांच में जुटी है।
गाजियाबाद जिले के मुरादनगर रेलवे रोड पर सब्जी लेने आई बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर बाइक सवार बदमाश सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। करीब दो घंटे तक महिला बेसुध रही। पुलिस रेलवे रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी शारदा रावल (70) ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे वह रेलवे रोड पर सब्जी लेने आई थीं। इसी बीच बाइक पर दो युवक आए और दिल्ली-मेरठ मार्ग का रास्ता पूछा। महिला ने युवक से कहा कि सीधे चले जाओ, हाईवे पर पहुंच जाओगे।
विज्ञापन
तभी बाइक से दूसरा युवक उतरा और बातचीत के दौरान जेब से रुमाल निकालकर महिला को सूंघा दिया। इसके बाद महिला बेसुध हो गई और करीब 100 मीटर तक युवकों के पीछे चलती रही। सुनसान जगह पहुंचने पर बदमाशों ने शारदा के हाथ में नकली नोटों की गड्डी पकड़ा दी और गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
इसी बीच अपनी मां को तलाश करता हुआ नितिन वहां पहुंचा। मां को बेसुध देख उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। महिला करीब दो घंटे तक बदहवास रही। होश आने पर उसने आपबीती बताई। एसीपी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।