गाजियाबाद। वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित समस्त संस्थागत व व्यक्तिगत पाठयक्रमों की मुख्य परीक्षाओं के फॉर्म भरने के लिए चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) ने 15 जनवरी से पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। छात्र 30 जनवरी तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
इसके बाद एक फरवरी को 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका मिलेगा। जो छात्र इन तारीखों में भी फॉर्म नहीं भर सकेंगे, उनको 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ चार फरवरी को फॉर्म भरने का आखिरी अवसर मिलेगा। इसके बाद किसी भी छात्र को दोबारा परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।
ऐसे विद्यार्थी जो मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे, वह भी इस दरमियान बैक परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकेंगे। कॉलेज छह फरवरी को भरे गए परीक्षा फाॅर्मों को सत्यापित करेंगे और नौ फरवरी को एनआर के साथ फॉर्म यूनिवर्सिटी में जमा कराए जाएंगे।
यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि छात्र समय रहते परीक्षा फॉर्म भरना सुनिश्चित करें। फरवरी में ही संस्थागत व व्यक्तिगत पाठ्यक्रमाें की परीक्षाएं शुरू कराई जानी हैं। इनका परीक्षा कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
फाॅर्म भरते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर जाएं। दिए गए लिंक पर जाकर जरूरी जानकारी भरें। यूनिवर्सिटी में पहली बार नामांकित हो रहे छात्रों काे नामांकन प्रमाण पत्र व माईग्रेशन प्रमाण पत्र जमा करना होगा। नियम का अनुपालन न करने वाले महाविद्यालयों का परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा। वार्षिक परीक्षा प्रणाली वाले पाठ्यक्रमों में री-बैक मान्य नहीं है। इसलिए वर्ष 2025 से पूर्व परीक्षा में सम्मिलित व एक बार बैक पेपर परीक्षा का अवसर प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों को बैक परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं होगी।
स्थगित की गई परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में संचालित स्नातक ऑनर्स की स्थगित की गई परीक्षाओं का कार्यक्रम यूनिवर्सिटी ने जारी कर दिया है। अब परीक्षा 19 जनवरी को शुरू कराई जाएंगी। अंतिम परीक्षा 28 जनवरी को होगी। यूनिवर्सिटी ने इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। कॉलेजों को कहा गया है कि वह इसकी जानकारी नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें। इसके अलावा बीएससी गृहविज्ञान और तीन वर्षीय एलएलबी के पहले सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम भी यूनिवर्सिटी ने जारी कर दिया है। पहली परीक्षा 28 जनवरी को होगी और अंतिम परीक्षा पांच फरवरी को कराई जाएगी। बीबीए पहले सेमेस्टर में विषय कोड 008 की परीक्षा का यूनिवर्सिटी ने समय बदला है। इसकी परीक्षा अब पहली के बजाय दूसरी पाली में कराई जाएगी।