फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में नहीं पहुंच रहा कैश, लोग परेशान

Thu, 15 Dec 2016 12:27 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला /गाजियाबाद
विज्ञापन
बैंक के बाहर लगी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 बैंकों में बुधवार को भी कैश की किल्लत बनी रही। एसबीआई समेत पीएनबी, इंडियन ओवरसीज बैंक, सेंट्रल बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक आदि में कम कैश बंटा।
विज्ञापन


दूसरी ओर इंडियन ऑयल कंपनी ने अपने सभी पेट्रोल पंपों पर कैशलेस ट्रांजेक्शन की सुविधा उपलब्ध करा दी है। साथ ही एसबीआई अब नए डीलर्स प्वॉइंट पर स्वाइप मशीनें लगाकर कैश उपलब्ध कराएगी।

मंगलवार को अधिकतर बैंकों में कैश बंटा लेकिन बुधवार को हालात बिगड़ गए। बड़े बैंकों में भी बुधवार को लोगों को अधिकतम पांच हजार रुपये दिए गए जबकि कई बैंक ऐसे थे, जहां आरबीआई से कैश पहुंचा ही नहीं।
विज्ञापन


लोगों को लाइन में खड़े होने के बाद भी मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। एसबीआई में ग्राहकों को पांच हजार रुपये दिए गए जबकि इलाहाबाद बैंक में कैश नहीं बंटा। कैश बांटने की वजह से बैंक ऑफ बड़ौदा में ग्राहकों का सामान्य कामकाज भी नहीं हो पा रहा। सबसे बुरा हाल प्राइवेट सेक्टर के बैंक और उन बैंकों का है, जिनका करेंसी चेस्ट दूसरे शहरों में है।

इंडियन ऑयल के सभी पेट्रोल पंपों पर स्वाइप मशीनें लगीं
इंडियन ऑयल ने शहर के अपने सभी 28 पेट्रोल पंपों पर कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए स्वाइप मशीन उपलब्ध करा दिया है। साथ ही मोबाइल वॉलेट व पेटीएम की सुविधा भी कुछ पंपों पर उपलब्ध है।

जीटी रोड स्थित विजय सेल्स सर्विस पंप पर इस संबंध में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के जीएम अमित बासु, डीजीएम सौमित्र श्रीवास्तव, मुख्य मंडल प्रबंधक राजीव श्रेष्ठ, पंप ओनर राम निवास, विवेक सिंह और नरेश शर्मा आदि मौजूद थे।

नोटबंदी के विरोध में 16 दिसंबर को धरना
 नोटबंदी के विरोध में 16 दिसंबर को कई राजनीति दलों के लोग संयुक्त रूप से तहसील पर धरना देंगे। यह निर्णय बुधवार को बैठक में लिया गया है। बैठक में सपा, कांग्रेस, रालोद समेत कई दलों के नेता मौजूद रहे।

बुधवार को सुरेंद्र त्यागी के आवास पर सर्वदलीय नेताओं की बैठक हुई, जिसमें नेताओं ने कहा कि नोटबंदी से किसान और आम आदमी परेशान है। अपने ही रुपये बैंक से निकालने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।

इसके बाद भी बैंक अधिकारी परेशान लोगों को अपमान कर रहे हैं। इसके विरोध में नेताओं ने संयुक्त रूप से 16 दिसंबर को तहसील पर धरना देने का निर्णय लिया। बैठक में सुुनील शर्मा, हरेंद्र नेहरा, सुुुुभाष त्यागी, राकेश गोयल, जय भगवान जीनवाल, सतेंद्र तोमर, प्रेमचंद गर्ग, बिट्टू खंजरपुर, गजेंद्र मलिक, रमेश प्रजापति, प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे। 

बेटी की शादी का कर्ज चुकाने के लिए 70 वर्षीय वृद्धा लाइन में
पटेलनगर थर्ड में रहने वाली करुणा देवी की बेटी की शादी बीते आठ दिसंबर को हुई। शादी में कैश की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। लेकिन लोगों से उधार लेकर जैसे-तैसे काम चलाया है।

अब लोगों से लिया गया उधार वापस करना है इसलिए नौ दिसंबर से ही लगातार विभिन्न एटीएम की लाइन में लग रहीं हैं। परेशानी तो हो रही है, लेकिन जरूरत के समय मदद करने वालों को भी तो पैसे वापस करने हैं।

तकनीकी फॉल्ट के चलते कैश लोड होने में हो रही देरी
नवयुग मार्केट में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक भारत जैन का कहना है कि बुधवार को तकनीकी फॉल्ट के चलते एटीएम में कैश लोड होने में थोड़ा समय लगा। बाकी बैंक में नोटबंदी के बाद से अब तक  कैश की कोई कमी नहीं हुई है।
विज्ञापन


कैश वितरण के अलावा एटीएम में भी रेगुलर कैश पड़ रहा है। उनकी ब्रांच से ही गाजियाबाद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 25 ब्रांचेज को कैश वितरित किया जाता है। बीते मंगलवार को सर्वर में तकनीकी दिक्कत के चलते 10 से 15 मिनट काम बाधित रहा था।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें