बिल्डर की तानाशाही और दबंगई के खिलाफ राजनगर एक्सटेंशन स्थित सोसायटी केडब्ल्यू सृष्टि की महिलाओं ने एसपी क्राइम से बुधवार को गुहार लगाई। महिलाओं का आरोप है कि बिल्डर ने रेजिडेंट्स के पर झूठे आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले में महिलाओं ने एसएसपी के नाम ज्ञापन एसपी क्राइम सौंपा।
एसपी क्राइम राजीव रंजन ने महिलाओं को मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने का भरोसा दिलाया। रेजिडेंट्स ने बताया बिल्डर ने एओए के पूर्व पदाधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ झूठी एफआईआर कराई है। बिल्डर के बाउंसरों ने लोगों के साथ मारपीट की और धमकाया।
इसके बाद रेजिडेंट्स पर ही एफआईआर दर्ज करा दी, ये अन्याय है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बाउंसर आए दिन लोगों को धमकाते रहते हैं। इस मौके मौके पर धर्मेंद्र चौधरी, गिरीश सारस्वत, वीरेंद्र इंदोलिया, कपिल शर्मा, नरेंद्र चौधरी, निधि शर्मा, उपासना सिंह, ज्योति दीक्षित, आहुति इंदोलिया, प्रिया, प्रियंका, नेहा, सरला, शिखा आदि मौजूद रहे।
उधर, बिल्डर संजय केसरवानी ने कहा कि सोसायटी में रह रहे कुछ लोगों को बेवजह दिक्कत हो रही है। रेजिडेंट्स की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। पिछले दिनों कुछ लोगों पार्किंग स्टीकर के बगैर सोसायटी में कार लाने का प्रयास किया, जिस पर सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोका तो वे हाथापाई पर उतर आए।
यहां तक कि सिक्योरिटी गार्ड के पैर पर कार चढ़ा दी, जिससे उसके फ्रैक्चर हो गया। इसी वजह से उनके खिलाफ एफआईआर कराई गई थी।