लोनी। ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी मालिक ने गेट पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुराने मुकदमे में नामजद आरोपियों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
दिल्ली निवासी सुनील कुमार जैन की ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर ए में श्रीजी प्रेसिजन स्टैम्पिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से इलेक्ट्रिक मोटर स्टैम्पिंग की फैक्टरी है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच अक्तूबर की रात करीब 11 बजे बदमाशों ने फैक्टरी के गेट के सामने फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर फैक्टरी में तैनात गार्ड जसराज घबरा गए। बदमाशों के भागने के बाद गार्ड ने उनको घटना की जानकारी दी। सुनील कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले ट्रोनिका सिटी थाने में लविश चौधरी उर्फ नवाब अली, नवाब हसन, प्रमोद सोलंकी, राशिद अली, साजिद अली और नसीम अहमद समेत आठ लोगों के खिलाफ रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया था। इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए आरोपी उस पर दबाव बना रहे हैं और जब वह नहीं माने तो कंपनी के गेट पर आकर फायरिंग करके फिर से दबाव बनाने का प्रयास किया है। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि शिकायत पर 13 आरोपियों और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फैक्टरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।