साहिबाबाद। थानाक्षेत्र में 29 जनवरी को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर हुए बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने 13 फरवरी की रात केस दर्ज किया। हादसे में गाजियाबाद के कैला भट्टा निवासी शाहिद घायल हुए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं 11 फरवरी को भी एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। इस मामले की प्राथमिकी भी शुक्रवार रात दर्ज की गई है।
कैलाभट्टा निवासी आरिफ ने बताया कि 29 जनवरी को उनके पिता शाहिद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। अर्थला में एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिता की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके पिता को स्थानीय लोगों ने नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। बताया कि दो फरवरी को इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई थी। वहीं दूसरे मामले में पूर्वी दिल्ली के नंदनगर निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि वह 11 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली की तरफ जा रहे थे। अप्सरा बॉर्डर के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि बुजुर्ग की मौत के मामले में थाने पर शिकायत 13 फरवरी को ही दी गई थी। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे मामले में भी घायल की तरफ से तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया गया है। ट्रक और कार दोनों के चालकों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।