लोनी। प्लॉट नहीं मिलने पर महिला ने अंकुर विहार थाने में प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उन्होंने मूल और ब्याज का उधार चुका दिया। इसके बाद भी प्लॉट के दस्तावेज उन्हें नहीं दिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र की रहने वाली सीमा ने दर्ज मुकदमे में बताया कि कुछ समय पूर्व दिल्ली के यमुना विहार निवासी साजिद और उसके साथी रहीमुद्दीन के पास प्लॉट गिरवी रखकर चार लाख रुपये उधार लिए थे। बताया कि ब्याज अधिक होने के कारण वह मूल रुपया नहीं चुका पा रही थीं। जिस पर उन्होंने अंकुर विहार थाना क्षेत्र के सादुल्ला बाद गांव के पास स्थित अपना दूसरा प्लॉट प्रॉपर्टी डीलर साजिद के पिता कलाम को 18 लाख रुपये में बेच दिया। इस पर साजिद ने उनके उधार लिए गए चार लाख रुपये मूल और दो लाख रुपये ब्याज काटकर 12 लाख रुपये दिए।
आरोप है कि अभी तक प्लॉट के दस्तावेज उन्हें नहीं मिले हैं। पीड़िता ने प्लॉट पर कब्जा होने की बात कही है। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।