मसूरी (गाजियाबाद)। शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए घर से बाइक पर सवार होकर निकले परिवार को नेशनल हाईवे-9 पर कैंटर की टक्कर से मां और उनके 10 माह के बच्चे की मौत के मामले में वेव सिटी पुलिस कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतका के चचेरे भाई ने कैंटर चालक पर गैरइरादतन हत्या का आरोप लगाया है। उधर, दूसरे बच्चे का पैर कटने के बाद उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पिलखुवा के गांव सिखैड़ा निवासी असलम 14 नवंबर को पत्नी गुलशन और दोनों बेटों अरसलान व रियान के साथ बाइक से मुरादनगर के कनौजा गांव में पत्नी के मौसेरे भाई इसरार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे जब परिवार एनएच-9 पर हापुड़ से गाजियाबाद की ओर सुंदरदीप कॉलेज के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार महिंद्रा कैंटर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही गुलशन और नौ माह का अरसलान सड़क पर जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, असलम और रियान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतका के चचेरे भाई इसरार पुत्र इकबाल की शिकायत पर वेव सिटी थाने में अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 106(1), 125(बी) और 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसीपी ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद गुलशन और अरसलान को गांव सिखैड़ा के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हादसे में चार साल के रियान की जो टांग कटकर अलग हुई थी, उसे भी कब्रिस्तान में दफनाया गया। जिस परिवार को शादी में शरीक होना था, वहां अब मातम पसरा है।