दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार सवारों ने शनिवार रात भोजपुर टोल का बैरियर तोड़ दिया। कंट्रोलरूम के पास टोलकर्मियों ने आरोपियों को रोका तो कार सवारों ने उन्हें रौंदने का प्रयास किया। कार सवारों ने हवाई फायरिंग की और टोल के उप प्रबंधक के सीने पर पिस्टल तान दी। आरोपियों ने टोलकर्मियों को पीटकर घायल कर दिया और हथियार हवा में लहराते हुए फरार हो गए। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
भोजपुर टोल प्लाजा के उप प्रबंधक रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात लगभग एक बजे दिल्ली की तरफ से आ रही एक कार बैरियर तोड़कर जाने लगी। रोहित, शिफ्ट प्रभारी ब्रिजेश यादव व अजय प्रताप कंट्रोलरूम के बाहर आकर अन्य कर्मियों के साथ कार रोकने का प्रयास करने लगे।
इस पर कार सवारों ने टोलकर्मियों पर कार चढ़ा दी। टोलकर्मियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद नशे में धुत कार सवारों ने पिस्टल से कई राउंड हवाई फायरिंग की और रोहित मिश्रा पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि कार सवारों ने टोलकर्मियों को बुरी तरह पीटा।
वहीं, भोजपुर थाने से मात्र 300 मीटर की दूरी पर कई राउंड हवाई फायरिंग होने पर भी पुलिस बेखबर रही। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कार के नंबर की पहचान हो गई है।