डिवाइडर पर रखे गमले कार की टक्कर से टूट गए। इसके बाद भी कार रुकी नहीं और डिवाइर को पार कर दूसरी ओर आ गई। इस तरफ बाइक से जा रहे राहुल कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तब तक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इसके बाद रेलिंग से टकराकर बंद हो गई।
पीआरवी के जवान योगेश और राहुल को संयुक्त अस्पताल ले गए। कारोबारी योगेश को चिकित्सकों ने मृत बताया और लक्षणों के आधार पर बताया कि मौत की वजह दिल का दौरा हो सकती है। घायल राहुल के दोनों पैर की हड्डियां टूट गई हैं। उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। कार ने दोनों पैरों को कुचल दिया था।
चिकित्सकों ने बताया है कि कार चालक की मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी - पूनम मिश्रा, एसीपी
घर से प्रतिष्ठान पर जा रहे थे कारोबारी
पुलिस ने बताया कि वेल्डिंग और स्क्रैप का कारोबार करने वाले योगेश कुमार सुबह आठ बजे शालीमार गार्डन स्थित अपने आवास से निकले थे। वह हापुड़ रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान पर जा रहे थे। कार की टक्कर से घायल हुए राहुल कुमार शालीमार गार्डन के भोपुरा के निवासी हैं। पीआरवी के जवानों ने बताया कि वह कार को ओवरटेक करते हुए आगे निकले थे। इसके बाद बाइक को कार की टक्कर लगी।