गाजियाबाद। माल ढुलाई की आड़ में ओडिशा व विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक सप्लाई करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच व मुरादनगर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कैंटर से 164 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी बाजार में कीमत करीब 84 लाख रुपये आंकी गई है। गिरोह के छह अन्य सदस्यों की भी पहचान हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपी गांजे की डील जांगी नाम के निजी और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप पर करते थे।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोदीनगर की केशव कुंज कॉलोनी निवासी प्रवीण त्यागी (53) और मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जटौली निवासी अरुण शर्मा (52) के रूप में हुई है। अरुण की जटौली में 25 वर्षों से परचून की दुकान है। दोनों पहले हरियाणा से शराब की तस्करी कर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे। करीब आठ महीने पहले अरविंद उर्फ भूरा के संपर्क में आने के बाद दोनों ने गांजे की तस्करी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, गांजे की तस्करी के लिए आरोपियों ने मेरठ निवासी योगेंद्र से एक कैंटर खरीदा था। आरोपी माल ढुलाई की बुकिंग लेकर कैंटर में दूसरे सामान के बीच गांजा छिपाकर लाते थे। अरविंद उर्फ भूरा ओडिशा और विशाखापत्तनम में स्थानीय तस्करों से उनकी डील कराता था। वहां से गांजा लाकर आरोपी एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में भी सप्लाई करते थे।
जांगी एप पर पहचान बदलकर करते थे डील
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य फोन कॉल पर गांजे की डील नहीं करते थे। इसके लिए जांगी नाम के निजी और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप का इस्तेमाल करते थे। इस एप पर बिना सिम कार्ड और फोन नंबर के भी मैसेज के जरिये बातचीत की जा सकती है। आरोपी एप पर अपनी पहचान बदलकर एक-दूसरे से संपर्क करते थे। इसी के माध्यम से गांजे की सप्लाई और उसकी लोकेशन साझा की जाती थी। एप पर मैसेज, मीडिया, फाइल और वॉयस-वीडियो कॉल की सुविधा है।
सुशीला और घास नाम से लिखते थे गांजे के कोड
एडीसीपी के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन से चैट भी मिली हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह गांजे की अलग-अलग किस्मों के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल करता था। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में उगाए जाने वाले शीलावती प्रजाति के गांजे को आरोपी चैट में ''''सुशीला'''' और ओडिशा गोल्ड को ''''घास'''' लिखते थे। गांजे की अन्य प्रजातियों के लिए भी ''''घास'''' शब्द का इस्तेमाल किया जाता था।