वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त विवेक कुमार ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त पीएन मिश्रा की टीम कर चोरी की शिकायतों पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दादरी की ओर से एक गाड़ी आती दिखाई दी। जब गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी का चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस की मदद से गाड़ी को सिकंदराबाद की जोखाबाद चौकी ले जाया गया और गाड़ी के मालिक को सूचना दी।
गाड़ी मालिक ने गाड़ी के चोरी हो जाने की जानकारी अधिकारियों को दी और गाड़ी पकड़ने पर टीम का शुक्रिया भी किया, लेकिन जब मालिक को गाड़ी में बिना बिल का 18 लाख रुपये की कीमत का पेपर रोल लदा होने की जानकारी दी तो उसने जानकारी से इनकार कर दिया।
सूचना के बाद भी अभी तक गाड़ी मालिक न तो गाड़ी को छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंचा है और न ही गाड़ी में लदे माल के लिए करीब पांच लाख रुपये का कर जमा करने के लिए कोई कार्रवाई की है। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि गाड़ी मालिक ने अधिकारियों से गाड़ी चोरी की बात करते हुए कर अपवंचन में कार्रवाई से बचने का प्रयास किया था।
49 हजार के बिल पर 16 टायर गाड़ी में भरी थी प्लाइवुड
चेकिंग के दौरान वाणिज्य कर विभाग की टीम ने अलीगढ़ की ओर जाती प्लाइवुड से भरे 16 टायरा ट्रक को पकड़ा है। जब गाड़ी के चालक से माल के बिल मांगे तो केवल 49 हजार रुपये के बिल पेश कर सका। जबकि गाड़ी में भरे माल की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक थी। ऐसे में अब टीम ने गाड़ी को पकड़कर नई मंडी चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इसके अलावा सरिया, एंगल समेत अन्य लोहे के सामान से लदी चार गाड़ियां पकड़कर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।