बुलंदशहर के स्याना कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर अपने पिता पर बहनों से छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी पिता उन्हें तमंचा दिखाकर दुष्कर्म करने, बेचने और जान से मारने की धमकी देता है। जिसके बाद एसएसपी के आदेश पर स्याना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
आरोपी पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। स्याना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ट्वीट कर बताया कि उनके पिता द्वारा उनके और अन्य बहनों के साथ छेड़छाड़ की जाती है। पिता शराब पीकर बदतमीजी करता है और विरोध करने पर मारपीट करता है।
आरोप है कि आरोपी पिता ने कमरे में बंद कर कई बार अभद्रता की है। बहनों के विरोध करने पर आरोपी पिता उनको तमंचा दिखाकर उनको बेचने, रेप करने और जान से मार देने की धमकी दी है। पीड़ित बहनों ने मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री को ट्वीट होने के बाद जिला पुलिस भी हरकत में आ गई।
डीआईजी संतोष कुमार सिंह ने पीड़ित युवती को बुलाकर उसकी व्यथा सुनी और मामले में स्याना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी पिता को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।