बुलंदशहर से अगवा सिपाही की बरामद बलेनो गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर जेल के वार्डर को शनिवार रात दो बदमाशों ने चंद्रावली कट पर अगवा कर उनसे 7500 रुपए, डेबिट कार्ड, चेन, फोन लूट लिया। बदमाश सिपाही को बुलंदशहर ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में घूमाते रहे। रविवार सुबह साहिबाबाद रेलवे रोड पर पेट्रोल खत्म होने पर बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग गए। उन्होंने साहिबाबाद पुलिस ने लूट और अपहरण का मुकदमा कराया है। बदमाशों की पहचान के लिए चार टीमें गठित हुई हैं।
देवरिया के खाम पार में रहने वाले सिपाही दुर्गेश कुमार तिवारी बुलंदशहर के कारागार में वार्डर हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात 9 बजे करीब जेल से अपनी ड्यूटी खत्म करके सरकारी आवास की तरफ गए थे। वहां कमरे से वर्दी बदलकर खाना खाने के लिए अपनी बलेनो गाड़ी से कारागार के पास एक ढाबे पर पहुंचे थे लेकिन वह बंद था। इसके बाद वह बुलंदशहर सिटी की तरफ गाड़ी लेकर चल दिए। रास्ते में चंद्रावली कट के पास में रोड पर गाड़ी खड़ी करके वह अपने बहनोई से फोन पर बात कर पैसे ट्रांसफर कर रहे थे। तभी दो बदमाश उनके पास पहुंचे और तुरंत गन पॉइंट पर ले लिया। एक बदमाश ने उन्हें पीछे सीट के बीच दबाकर बैठा दिया जबकि दूसरा बदमाश गाड़ी चलाने लगा। चलती गाड़ी में बदमाशों ने उनसे 7500 रुपये, डेबिट कार्ड, गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया।