एसपी देहात बजरंग बली चौरसिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान अफजाल निवासी जली कोठी पप्पू पनवाड़ी वाली गली मेरठ, नदीम कुरैशी निवासी मस्जिद गम्यूर वाली गली मेरठ, फुरकान निवासी खुशहाल नगर मेरठ और जुनैद निवासी छोटी मस्जिद खुर्जा देहात के रूप में हुई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 14 बाइक व तीन बाइकों के इंजन बरामद किए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह दिल्ली, मेरठ और अलीगढ़ से बाइक चोरी कर जुनैद को बेचते थे। जुनैद खुर्जा में पेट्रोल पंप के पास एक दुकान किराए पर लेकर बाइक मिस्त्री का काम करता है। जुनैद ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की बाइक के पुर्जे अलग करते हुए उन्हें बेच देता है। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर उसकी दुकान पर छापेमारी की तो वहां से भी तीन चोरी की बाइकें बरामद हुईं। पुलिस की जांच के बाद पांच बाइकों के मालिक और संबंधित क्षेत्र में दर्ज हुई चोरी की रिपोर्ट की जानकारी पुलिस को मिल गई है, जबकि शेष की जांच जारी है।
अफजाल है पुराना शातिर, लगेगी गैंगस्टर
गिरोह का सदस्य अफजाल शातिर चोर है। आरोपी पर गाजियाबाद और मेरठ के विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के गिरोह बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने के कारण एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस को आदेश दिए हैं कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों को पकड़ने वाले खुर्जा देहात कोतवाली निरीक्षक जयकरण सिंह, नरेश कुमार, जितेंद्र कुमार, पंकज राणा, प्रवेश बैसला, गौरव राठोर, धर्मवीर सिंह, नीरज धामा को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
अलीगढ़ रिश्तेदारी में रह रहे थे आरोपी
बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार मेरठ निवासी तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल अलीगढ़ में रह रहे थे। पहले वह दिल्ली में फल बेचने का काम करते थे, लेकिन पिछले दिनों मेरठ में एक मामले में उनके खिलाफ एफआईआर हुई तो परिजनों ने उन्हें एक रिश्तेदारी में अलीगढ़ भेज दिया, जिसके बाद उन्होंने अलीगढ़ में अपना गिरोह बनाया और बाइक चोरी करना शुरू कर दिया था।