डॉक्टर का दवाई वाला पर्चा न केवल मरीज को बीमारी से छुटकारा दिलाएगा, बल्कि 11 फरवरी को बूथ तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित करेगा। विधानसभा चुनाव में अधिक वोट पड़े, इसके लिए प्रशासन लोगों को जागरूक करने में जुटा है।
सीडीओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि 11 फरवरी को ज्यादा मतदाता बूथ तक पहुंचें, इसके लिए पब्लिक डील वाले डिपार्टमेंट में लोगों को हर रोज जागरूक किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी डीपीआरओ को दी गई है। डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सरकारी विभाग में जहां लोग सीधे कनेक्ट हैं, वहां जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए 50 मुहर बनवाई गई हैं। मुहर पर ‘11 फरवरी 17 को बूथ चलें, मतदान करें’ प्रिंट है। इस मुहर को सरकारी जिला अस्पताल और संयुक्त जिला अस्पताल में दिया जाएगा। ओपीडी की पर्ची और चिकित्सक द्वारा दवाई की पर्ची पर यह मुहर लगाया जाएगा।
यह मुहर बैंक, नगर निगम को भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हाउस टैक्स, सामुदायिक भवन की रसीद अन्य रसीदों पर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा यह मुहर लगाई जाएगी। आईएमए और पब्लिक स्कूलों से भी इस मुहर के प्रयोग करने की अपील की जाएगी।
कंट्रोल रूम में लगा टोल फ्री नंबर
चुनाव कंट्रोल रूम में शनिवार को टोल फ्री नंबर लग गया। पूर्व में घोषित किए गए तीन नंबरों के साथ ही अब चौथा नंबर 18001803031 टोल फ्री लगाया गया है। चुनाव संबंधी जानकारी और किसी समस्या या शिकायत के लिए लोग इस नंबर पर फ्री में कॉल कर सकेंगे।