समाजवादी पार्टी में चुनाव चिन्ह को लेकर चल रहे दंगल में अब दोनों धड़े अब चुनाव आयोग को अपने-अपने समर्थकों के संख्या बल की जानकारी देने की तैयारी में हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो गाजियाबाद से भी सपा के डेलिगेट्स ने अखिलेश के समर्थन में हलफनामे तैयार कराकर हाईकमान को भेज दिए हैं।
माना जा रहा है कि इन संख्या बल के आधार पर निर्वाचन आयोग में भी अखिलेश खेमे का पलड़ा भारी पड़ सकता है। हालांकि सपा संगठन के पदाधिकारी हलफनामा हाईकमान को भेजने के मामले में गोलमोल जवाब दे रहे हैं, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक गाजियाबाद में करीब 80 से 85 डेलीगेट्स हैं।
एक जनवरी को लखनऊ में हुए सपा के अधिवेशन में पार्टी के दो फाड़ होने के बाद अब लड़ाई चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ पर हक को लेकर शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने दोनों खेमों को नोटिस जारी कर नौ जनवरी तक जवाब मांगा है।
ऐसे में अब सपा के डेलिगेट्स से शपथ पत्र मांगे जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश खेमे के बड़े नेता व सपा से राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव के माध्यम से यह हलफनामे निर्वाचन आयोग को भेजे जाएंगे।
पार्टी सूत्रों की मानें तो 90 फीसदी डेलीगेट्स की ओर से शपथ पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। यह शपथ पत्र पार्टी के स्थानीय संगठन के माध्यम से आगे भेजे जाएंगे। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन का कहना है कि अभी शपथ पत्र नहीं भेजे गए हैं। उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि अगर मांगे जाएंगे तो शपथ पत्र जरूर भेजे जाएंगे।