भाजपा में गाजियाबाद के महानगर और जिला अध्यक्षों के नामों को लेकर चल रही खींचतान शनिवार को खत्म हो गई। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को नए महानगर और जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी कर गाजियाबाद में नए चेहरों को मौका दिया है।
महानगर अध्यक्ष पद पर अजय शर्मा और जिलाध्यक्ष पद पर लोनी के बसंत त्यागी को संगठन की कमान सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नियुक्त किए गए नए अध्यक्षों के लिए 2017 में तीन चुनौतियां होंगी। अजय शर्मा पूर्व में महानगर संगठन में महामंत्री पद पर थे।
ऐसे में उन्हें संगठन चलाने की जानकारी तो है, लेकिन यह देखना होगा कि अध्यक्ष पद पर वह कितना सफल हो सकेंगे। इस पद की दौड़ में महानगर महामंत्री मयंक गोयल और संजीव शर्मा के अलावा युवा नेता प्रेम त्यागी, मान सिंह गोस्वामी और पूर्व महानगर अध्यक्ष अशोक मोंगा भी कड़ी दावेदारी कर रहे थे।
माना जा रहा है कि अजय शर्मा को संघ के एक बड़े नेता का करीबी होने का फायदा मिला है। हालांकि क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रद्युमभन अशोक मोंगा की पैरवी कर रहे थे। उधर, नंदकिशोर गुर्जर की जगह जिलाध्यक्ष बने बसंत त्यागी के लिए भी देहात क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करना चुनौती होगी।
फिलहाल गाजियाबाद में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है। ऐसे में महानगर और जिलाध्यक्ष दोनों के सामने ही विधानसभा चुनाव चुनौती के रूप में होंगे। विधानसभा चुनाव के बाद मेयर और पार्षद चुनाव में भी महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा को खुद को बेहतर किंग मेकर की भूमिका में साबित करना होगा।